फुरकान संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना रोहटा क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दबंगों ने घर में घुसकर सो रहे युवक पर धारदार हथियारों और लाठियों-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न अवस्था में नहीं पहुंच गया। मोहल्ले के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, रोहटा निवासी साजिद पुत्र शौकत की पत्नी महसर अपनी चप्पल लेने पड़ोस में रहने वाली साइस्ता पत्नी अनवार के घर गई थी। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया और साइस्ता तथा उसके पुत्र उमेर और समीर ने महसर के साथ मारपीट कर दी। किसी तरह महसर जान बचाकर अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। शाम को काम से लौटे साजिद को जब पत्नी ने पूरी घटना बताई तो वह विरोध जताने के लिए आरोपितों के घर पहुंचा। इसी बात से नाराज होकर रात करीब 10 बजे साइस्ता, उसके पुत्र उमैर व समीर तथा दो अज्ञात व्यक्ति साजिद के घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने घर में घुसकर धारदार हथियारों और डंडों से साजिद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में साजिद के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके निजी अंगों पर भी चोट लगने की बात सामने आई है।घटना के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल साजिद को तत्काल रोहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
