मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द।मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, गौकशी के औजार, एक पिकअप वाहन, बाइक और एक जिंदा गाय बरामद की है।पुलिस के अनुसार, थाना जानी पुलिस और स्वॉट टीम ग्रामीण टिमकिया चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टिमकिया कोठी के खंडहर में कुछ लोग गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें नौशाद निवासी खिर्वा जलालपुर और शहबाज निवासी पिलुखवा के पैर में गोली लग गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं इकरार निवासी अलीपुर और रिहान निवासी पिलुखवा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर, कारतूस, तीन छुरियां, एक गंडासा, रस्सियां, टॉर्च और प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। इसके अलावा टाटा इंट्रा पिकअप, हीरो एचएफ डीलक्स बाइक और एक जिंदा गाय भी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपियों ने चार मई को नंदपुरा के जंगल में हुई गौकशी की घटना में शामिल होना कबूल किया है। इस संबंध में थाना जानी में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ मेरठ व गाजियाबाद के विभिन्न थानों में गौवध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में जानी थाना पुलिस और स्वॉट टीम ग्रामीण शामिल रही। पुलिस आरोपियों के अन्य राज्यों में मौजूद आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

