मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना जानी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली तार चोरी और ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कार्यकर्ता थाना जानी पहुंचे और करीब 6 घंटे तक धरने पर बैठे रहे।किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार खेतों से बिजली के तार और ट्यूबवेल की चोरी हो रही है, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। चोरी के बाद बिजली विभाग भी 20 दिन से एक महीने तक नए तार नहीं खींचता, जिससे फसलें सूख जाती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।बताया गया कि शुक्रवार देर रात शेखपुरी-जैनपुर के जंगल में करीब 30 बिजली खंभों के तार चोरी किए जा रहे थे। पास के खेतों में फसलों को पानी दे रहे किसानों ने यह देखकर आसपास के ग्रामीणों को एकत्र किया और मौके पर खड़ी डायल 112 पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने किसानों से कहा कि “इन्हें पकड़ना हमारा काम नहीं है।” इस दौरान ग्रामीणों के शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए।किसानों का कहना है कि मौके पर पड़े तारों को डायल 112 पुलिस अपने साथ ले गई, लेकिन थाना स्तर पर इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसकी सूचना मिलने पर भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी किसानों के साथ थाना जानी पहुंचे। वहां थानाध्यक्ष द्वारा मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताने पर किसान भड़क गए और धरने पर बैठ गए।धरने के दौरान अनुराग चौधरी ने कहा कि किसानों के खेतों में रोजाना चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और किसान लगातार नुकसान झेल रहा है।करीब 6 घंटे तक चले धरने के बाद उच्चाधिकारियों ने फोन पर वार्ता कर सभी मामलों को संज्ञान में लेते हुए एक सप्ताह के भीतर उचित समाधान और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया।धरने में मोनू टिकरी, बबलू, सनी सिसौला, हर्ष, लाला, केपी, उत्तम, वीरेंद्र, नवीन भूपगढ़ी, चिंकू, अनुज, विपुल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

