मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना जानी क्षेत्र के रसूलपुर धौलड़ी गांव में पिता की गोली मारकर हत्या कर फरार हुए बेटे को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।घटना 30 की देर शाम की है, जब 72 वर्षीय एजाज पुत्र अब्दुल रहमान की उनके ही बेटे रियाज ने लाइसेंसी पिस्टल से तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया कि मृतक ने अपनी करीब 4.5 बीघा कृषि भूमि बेचकर धनराशि अपने खाते में जमा कर ली थी, जिसमें आरोपी बेटा रियाज हिस्सा मांग रहा था। इसी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।वारदात के बाद आरोपी मौके से कार (DL 12CR 2687) लेकर फरार हो गया था। मामले में थाना जानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश तेज कर दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को धौलड़ी बंबा के पास से दबोच लिया।पुलिस ने आरोपी रियाज पुत्र स्व. एजाज निवासी रसूलपुर धौलड़ी, थाना जानी, उम्र करीब 54 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लाइसेंसी पिस्टल, दो कारतूस और कार बरामद की गई।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र सहित थाना जानी पुलिस शामिल रही।

