मेरठ के सरूरपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी चालक फरार
अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मैनापुट्टी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक 12 वर्षीय छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राम तिलक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे उनका बेटा निर्मल पैदल खेत की ओर जा रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद परिजन घायल निर्मल को उपचार के लिए स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।मृतक निर्मल कक्षा 6 का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

