रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर, पूठ और किनौनी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों से दहशत; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा ; थाना क्षेत्र के गांवों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आए दिन जंगलों में नलकूप के साथ विद्युत लाइन को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि ग्रामीण रात में जागकर अपने स्तर से पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।थाना रोहटा क्षेत्र में आने वाली विभिन्न पुलिस चौकियों के अंतर्गत चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। विशेष रूप से *कल्याणपुर, पूठ और किनौनी चौकी* क्षेत्र में चोरी की वारदातों को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस गश्त का भी उन्हें कोई खास डर दिखाई नहीं देता।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी भी बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने गश्त बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर रखी होती तो घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता था। ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित चौकी क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र राजफाश कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसएसपी से करने की बात कही है।



