मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। ग्राम पांचली बुजुर्ग में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण आंदोलन करेंगे। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री फारूक हसन ने जिलाधिकारी मेरठ को पत्र भेजकर गांव में धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की सूचना दी है।पूर्व राज्यमंत्री फारूक हसन ने बताया कि गांव के बांगर वाले रास्ते से कृष्ण मंदिर तक लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।पूर्व मंत्री ने जिला प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, धरना-प्रदर्शन के दौरान संबंधित मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहने की भी संभावना जताई गई है।



