मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पाली स्थित अटलांटिस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में देशभक्ति एवं उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित विद्यार्थियों, अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं स्टाफ ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।समारोह के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश को आजादी लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर समाजसेवी, गौ सेवक एवं वेद प्रचार समिति के अध्यक्ष निरंजन शास्त्री ने कॉलेज के अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं स्टाफ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है।निरंजन शास्त्री द्वारा प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस सहित विभिन्न अवसरों पर क्षेत्र के कई स्कूलों में पहुंचकर वहां के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ को सम्मानित किया जाता है। उनका यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापक ट्रस्टी पूनम शर्मा, यद्गुदत्त सिंह एवं ओमपाल सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विनेश शर्मा, डायरेक्टर भानु प्रताप एवं मनुकांत शर्मा, आईटीआई के वाइस प्रिंसिपल विकास प्रकाश, इलेक्ट्रिशियन विभाग के एचओडी अंकित सिंह सहित शिक्षकगण एवं स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने देश की प्रगति, एकता और अखंडता के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।



