जानी थाना क्षेत्र में सनसनी, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द जानी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात्रि करीब 9 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बागपत रोड स्थित कुराली गांव के सामने अज्ञात बदमाशों ने चाय विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुराली निवासी बोलो उर्फ नरेश (पुत्र जगदीश भाट) रोज की तरह अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में नरेश को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा:जल्द होगा खुलासा, कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

