सरूरपुर पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा, 80 किलो तांबा व उपकरण बरामद
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सरूरपुर थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मरों और ट्यूबवेलों से तांबा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 80 किलो तांबा तार व कॉइल के साथ चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 12/13 अप्रैल की रात थाना क्षेत्र में स्थित एक मशरूम फैक्ट्री समेत कई स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों और ट्यूबवेलों से अज्ञात चोरों ने तांबा तार व कॉइल चोरी कर ली थी। इस संबंध में गंगानगर निवासी कोटिल्य तोमर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य कालंद और छबड़िया के जंगलों में लगे ट्रांसफार्मरों की कॉइल और करीब 15-16 ट्यूबवेलों से तांबा तार चोरी कर अवैध रूप से बेचते थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सरधना के नेतृत्व में सरूरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भूनी मार्ग स्थित रजवाहा पटरी पर चेकिंग के दौरान एक सेंट्रो कार और मोटरसाइकिल सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए आरोपियों में सन्नी उर्फ शिवम, कपिल, समद, अहमद और विजेंद्र शामिल हैं। सभी सरधना थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

