मेरठ ।मेरठ को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया। खास बात यह रही कि नवागत एसएसपी पारंपरिक धोती-कुर्ते में सर्किट हाउस पहुंचे। उनका यह अंदाज वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय रहा।सर्किट हाउस पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की पुलिस व्यवस्था को लेकर शुरुआती जानकारी ली। कार्यभार संभालने के बाद एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बातचीत कर अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।नए एसएसपी के सामने मेरठ में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की चुनौती होगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वह जिले के थानों और पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा भी करेंगे।बीबीजीटीएस मूर्ति के कार्यभार संभालने के बाद अब मेरठ पुलिस की कमान उनके हाथों में है। ऐसे में पुलिसिंग को लेकर उनकी कार्यशैली क्या रहती है और जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कौन से नए फैसले लिए जाते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।



