मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना क्षेत्र के गांव झिटकरी के उभरते हुए स्केटिंग स्टार आयुष सिरोही ने भारतीय स्केटिंग के इतिहास में अपनी खास पहचान बना ली है। हाल ही में आयोजित इंडिया टीम ट्रायल स्केटिंग में आयुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए। इस दमदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। अब आयुष आगामी 2 से 18 अक्टूबर तक दक्षिण अमेरिका में आयोजित होने वाले वर्ल्ड गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।आयुष की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह वर्ल्ड गेम्स में तीन अलग-अलग स्पीड स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले किसी भारतीय स्केटर ने वर्ल्ड गेम्स में तीन अलग-अलग स्पीड इवेंट में देश का प्रतिनिधित्व नहीं किया है।आयुष के इस ऐतिहासिक चयन से उनके गांव झिटकरी, सरधना क्षेत्र व मेरठ सहित पूरे खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके परिवार, कोच और खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। खेल विशेषज्ञों को उम्मीद है कि आयुष अपनी शानदार फॉर्म को वर्ल्ड गेम्स में भी बरकरार रखते हुए देश के लिए पदक जीतने में सफल होंगे।अपनी सफलता पर आयुष सिरोही ने कहा कि देश के लिए खेलना, तिरंगा लहराना और भारतीय टीम की जर्सी पहनना उनका हमेशा से सपना रहा है। तीन स्पर्धाओं में चयन होना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अमेरिका में वह भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने के लिए पूरी मेहनत और लगन से प्रदर्शन करेंगे।वर्ल्ड गेम्स की तैयारियों के लिए आयुष अपने कोच के साथ भारतीय टीम के विशेष प्रशिक्षण शिविर में दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर पूरा होने के बाद भारतीय टीम दक्षिण अमेरिका के लिए रवाना होगी। मेरठवासियों को अब आयुष से अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन और देश के लिए पदक जीतने की उम्मीद है।



