मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में एक सितंबर को मेरठ कमिश्नरी का घेराव और किसान-मजदूर महापंचायत आयोजित की जाएगी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संगठन ने जिलेभर के गांवों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने का दावा किया है।महापंचायत की तैयारियों को लेकर रविवार को भोला झाल पर भाकियू की जिला समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सैकड़ों गांवों के ग्राम अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में महापंचायत में किसानों की भागीदारी बढ़ाने और गांव स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई।बिजली से लेकर गन्ना भुगतान तक के मुद्दे उठाएबैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने घरेलू बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ाए जाने, स्मार्ट मीटर, तहसीलों में कथित भ्रष्टाचार, सहकारी समितियों पर खाद वितरण और ब्याज से जुड़ी शिकायतों, किनौनी चीनी मिल के गन्ना भुगतान और गन्ना मूल्य के मुद्दे उठाए। चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद किसानों को उसका लाभ नहीं मिलने और बोनस दिए जाने की मांग भी रखी गई।समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनीजिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब किसान आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। बैठक में कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जा सकता है और जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा।बैठक में हर्ष चहल, सुरेंद्र, रामफल शर्मा, सत्येंद्र, मोनू टिकरी, प्रतीक, पवन, धीरज, रविंद्र, बबलू, हरेंद्र, नरेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



