मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर सोमवार को मंडलायुक्त मेरठ भानुचंद्र गोस्वामी एवं डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने गाजियाबाद बॉर्डर निवाड़ी से मुजफ्फरनगर बॉर्डर खतौली तक गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जानी पुल, भोला झाल, नानू पुल, दौराला पुल और सलावा झाल सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुपर जोनल एवं जोनल अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की समीक्षा बैठक कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भोला झाल स्थित पुलिस सहायता केंद्र एवं आईसीसीसी (ICCC) का निरीक्षण किया गया तथा कांवड़ सेवा शिविरों और मेडिकल शिविरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से संवाद किया।अधिकारियों ने शिविरों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और विद्युत सुरक्षा की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही यातायात संचालन, ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। वॉच टावर, ड्रोन और आईपी आधारित कैमरों से की जा रही निगरानी का भी जायजा लिया गया।डीआईजी कलानिधि नैथानी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर तैनात सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। मोबाइल पेट्रोलिंग, पिकेट ड्यूटी, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस सहायता केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने, श्रद्धालुओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पुलिस अधिकारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।



