मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठथाना सरधना क्षेत्र के ग्राम बुबकपुर में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों, सरिया और ईंट-पत्थरों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सद्दाम मेडिकल कॉलेज मेरठ में भर्ती है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार 1 जून को सुबह करीब 11 बजे सद्दाम पुत्र मुकीम और आमिर पुत्र कय्यूम के बीच आमिर के घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व सरिया से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।आरोप है कि आमिर पक्ष के फुरकान, सलमान और दिलशाद ने सद्दाम के सिर पर जानलेवा हमला किया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं सद्दाम पक्ष के लोगों ने आमिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर भी फेंके तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दीं।घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए। घायल सद्दाम को उसके परिजन मेडिकल कॉलेज मेरठ ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर देने से इनकार कर दिया था, लेकिन शांति व्यवस्था और संभावित अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया। थाना सरधना में मुकदमा अपराध संख्या 395/2026 के तहत संबंधित धाराओं में दोनों पक्षों के सात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।थाना सरधना पुलिस ने मंगलवार सुबह कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी आमिर पुत्र कय्यूम और रिजवान पुत्र मुकीम निवासी ग्राम बुबकपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया है।पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
