Motorbike Accident on the road with a car
कांवड़ मार्ग पर कार-बाइक की भिड़ंत, पत्नी समेत चार घायल
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग स्थित गंग नहर पटरी पर चन्दौरा गांव के सामने कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी समेत चार लोग घायल हो गए। ग्राम सरावा, जनपद हापुड़ निवासी असलम (45) पुत्र यासीन अपनी पत्नी साजिया (40) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि असलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी साजिया गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी पांचली खुर्द भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घायल साजिया को जानी स्थित मल्टी ग्रीन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में कार सवार अशोक (50) पुत्र मोहनलाल निवासी खैरनगर, थाना मधुबन, जनपद गाजियाबाद और उनकी बहू रीना (35) पत्नी जितेंद्र भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

