मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है। चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर भगवा वस्त्रधारी शिवभक्तों का विशाल जनसैलाब लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय बना हुआ है।गंगाजल लेकर लौट रहे लाखों कांवड़िए भक्ति गीतों और डीजे की धुनों के बीच उत्साह के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। मार्ग पर जगह-जगह भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश एवं अन्य धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रद्धालु इन झांकियों के दर्शन कर भक्ति भाव से आगे बढ़ रहे हैं।कांवड़ मार्ग के आसपास बसे गांवों के ग्रामीण भी शिवभक्तों की सेवा में पूरे समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। जगह-जगह सेवा शिविर और विशाल पंडाल लगाए गए हैं, जहां कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, चाय, शर्बत, फल, चिकित्सा और विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। ग्रामीण स्वयं कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे सेवा और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिल रहा है।कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रहे हैं।श्रद्धा, आस्था, सेवा और उत्साह का यह अद्भुत संगम मेरठ की चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर देखने को मिल रहा है, जहां लाखों शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था के साथ “बोल बम” के जयघोष करते हुए अपने गंतव्य की ओर निरंतर बढ़ रहे हैं।



