सड़ी-गली अवस्था में मिला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना क्षेत्र के कस्बा करनावल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ी-गली अवस्था में था। तालाब में शव मिलने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।बताया गया कि सोमवार को कुछ लोग तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास मौजूद लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।शव मिलने की सूचना कस्बे में तेजी से फैल गई, जिसके बाद तालाब के आसपास लोगों की भीड़ लग गई। मृतक कौन है और वह तालाब तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर लोगों में चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मौत के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शव की पहचान होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।



