मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। शिक्षक दिवस के अवसर पर सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने बंद पड़े सरकारी प्राइमरी स्कूल का जायजा लिया। स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।बबलू पंडित ने कहा कि महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है, लेकिन शिक्षक दिवस के दिन सरकारी स्कूल का बंद पड़ा होना प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की हकीकत बयां करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार ने प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों को बंद किया है, जिसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि दूसरी तरफ गांवों में सरकारी स्कूल बंद पड़े हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब स्कूल ही नहीं होंगे तो गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चे कहां पढ़ेंगे।बबलू पंडित ने कहा कि कल्याणपुर के बंद पड़े स्कूल के हालात सरकार के शिक्षा संबंधी दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से बंद किए गए सरकारी स्कूलों को दोबारा संचालित कराने, पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल कार्यक्रम आयोजित करने का दिन नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठाने और उसमें सुधार करने का अवसर भी है।



