मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना जानी पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस को सोमवार की रात्रि को सूचना मिली थी कि गौकशी के मुकदमे में वांछित सिवालखास निवासी मोहम्मद अहमद और समीर टिमकिया कोठी क्षेत्र में गौकशी करने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अहमद के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने घायल मोहम्मद अहमद और उसके साथी समीर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक जीवित गाय, दो अवैध तमंचे, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। दोनों आरोपी जानी थाने में दर्ज गौवध अधिनियम के मुकदमे में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अहमद के खिलाफ हापुड़ और मुजफ्फरनगर में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



