सरधना विधायक अतुल प्रधान ने उठाए किसान, युवा, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
दौराला। देव मंडपम के पास रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की स्मृति में 51 कुंडीय यज्ञ एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सरधना विधायक अतुल प्रधान की ओर से आयोजित किया गया। आर्य समाज की टीम ने विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया।इस दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ करीब 500 साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा भी भेंट की गई।विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि कार्यक्रम जाट समाज की ओर से आयोजित किया गया है, लेकिन वह सभी समाजों के सम्मान के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जाट समाज के साथ-साथ सभी वर्गों का सहयोग मिला था। वह विधानसभा क्षेत्र के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का प्रयास करते हैं।उन्होंने सरकारी अस्पतालों में संसाधनों की कमी, निजी अस्पतालों में अधिक शुल्क, बेरोजगारी, शिक्षा, किसानों, बिजली, मजदूरों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दे उठाए। कहा कि इन समस्याओं को लेकर वह पूर्व में आंदोलन और भूख हड़ताल भी कर चुके हैं।केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए अतुल प्रधान ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे, अग्निवीर योजना, रोजगार, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े।विधायक ने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और इंटरनेट मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसका सत्यापन जरूर करें। साथ ही आगामी चुनाव में मतदाताओं से सोच-समझकर मतदान करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विकास चौधरी, महकार चौधरी, विजय राठी, सपा नेता गौरव चौधरी, अनिल प्रधान समसपुर, राहुल मान, सनोज जमालपुर, प्रमोद प्रधान, रविन्द्र दौराला, संजीत सिंह, चंद्रवीर राठी, भरतवीर अहलावत, रोहित चौधरी सभासद सहित समाज के सम्मानित लोग मौजूद रहे।



