मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ। स्वतंत्रता दिवस जनपद मेरठ में हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद जिला सहकारी बैंक के बाहर स्थित अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेरठ में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी एवं सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। एशिया का पहला आरआरटीएस मेट्रो जनपद में संचालित हो रहा है। मेरठ गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्गों से भी जुड़ा हुआ है।उन्होंने कहा कि मेरठ खेल उत्पादों के निर्माण के लिए देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान रखता है। यहां निर्मित विश्वस्तरीय खेल उत्पादों का देश के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि देश एवं जनपद की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र की उन्नति एवं विकास में निरंतर योगदान दें।कार्यक्रम में वीर नारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने बच्चों को स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की। दिव्य ज्योति संस्थान सहित विभिन्न छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनमोहक नाट्य एवं गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) नवीन चन्द्र सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



