मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सोमेन्द्र तोमर रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभागार को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।समारोह के दौरान राज्यमंत्री ने पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं उनके परिजनों, वीर नारियों, शहीदों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को शॉल, सम्मान पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

इसके बाद ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के दौरान पूरा सभागार देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरठ क्रांतिकारियों की भूमि है। देश की आजादी महान क्रांतिकारियों और अमर बलिदानियों के संघर्ष एवं त्याग से मिली है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी व्यापक विकास हुआ है। उत्तर प्रदेश को कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश के सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है, इसलिए राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए महान नायकों और अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एमएलसी अश्वनी त्यागी ने भी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाना गर्व का विषय है। जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के बिना विकसित भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र, प्रदेश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।डीएम ने अभिभावकों और शिक्षकों से युवाओं को सही मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच विकसित करना जरूरी है।

साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि मेरठ में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी और सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। आरआरटीएस, गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जनपद की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।समारोह में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



