मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
बागपत। जनपद के हिसावदा गांव में पूर्व राज्यपाल सतपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि पर बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर पूर्व राज्यपाल सतपाल मलिक को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।सभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सतपाल मलिक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अपने संबोधन में उनके सार्वजनिक जीवन, किसानों के हितों के लिए किए गए संघर्ष तथा बेबाक व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि सतपाल मलिक ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रभारी मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील चौधरी, समाजवादी पार्टी से अलीगढ़ लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी चौधरी विजेंद्र सिंह ख्वाप, राजस्थान के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी श्रद्धांजलि सभा में भाग लेकर पूर्व राज्यपाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।कांग्रेस के रायबरेली सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वे श्रद्धांजलि सभा में नहीं पहुंचे। उनके कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर मौके पर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रूप से जारी रहा। श्रद्धांजलि सभा संपन्न होने के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अन्य नेताओं के साथ वहां से रवाना हो गए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।



