मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक एवं ‘हर घर तिरंगा’ (तिरंगा यात्रा) अभियान को लेकर मंगलवार को हरमन सिटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी 12 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया गया।बैठक के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मानसिंह गोस्वामी रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने की। संचालन जिला मंत्री मुकेश शास्त्री ने किया।मुख्य वक्ता मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज राष्ट्रभक्ति का जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को मजबूत किया है तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना है।जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने बताया कि 12 अगस्त से मंडल स्तर पर तथा 13 अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, स्कूलों, कॉलेजों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान का स्मरण कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में युवा मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी। यात्रा में पूर्व सैनिकों, सुरक्षा कर्मियों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों को जोड़ा जाएगा। शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही शहीद सैनिकों और पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित करने का भी कार्यक्रम रहेगा।बैठक में जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



