विशेष संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेशभर में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए सभी वर्गों को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने की मुहिम चला रहे हैं। दूसरी ओर मेरठ में पार्टी संगठन की कार्यशैली को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच नाराज़गी की चर्चा सामने आ रही है।पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला अध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी संगठन को अपेक्षित सक्रियता के साथ संचालित नहीं कर पा रहे हैं। उनका आरोप है कि जिला अध्यक्ष आम कार्यकर्ताओं और जनता के बीच कम दिखाई देते हैं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रशासन और शासन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन की बैठकें, जनसंपर्क अभियान और धरना-प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी पहले की तुलना में कम दिखाई दे रहे हैं, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है।कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि संगठन से जुड़े कई निर्णयों में जिला अध्यक्ष के पुत्र गजेंद्र की भूमिका अधिक दिखाई देती है। इस पूरे मामले में जिला अध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।पार्टी के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाना है, तो जिला स्तर पर सक्रिय नेतृत्व, कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद और जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष की आवश्यकता है। उनका मानना है कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पारदर्शी और सक्रिय तरीके से काम किया जाए।



