मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सरधना विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज करते हुए शनिवार को वरिष्ठ नेता शाहज़ेब रिज़वी के सरधना आगमन पर शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।स्वागत समारोह में युवा नेता शाहरुख उर्फ बंटी कुरैशी, विधानसभा अध्यक्ष रामकिशोर, नगर अध्यक्ष विपिन, सभासद इमरान ठाकुर, सभासद मुकेश कुमार, नसीम राणा, फरमान, आदिल खान, नफीस अंसारी, मेहराज अंसारी, मनोज, दीपक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने वरिष्ठ नेता शाहज़ेब रिज़वी का जोरदार स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा नेता शाहरुख उर्फ बंटी कुरैशी ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने, उनके सुख-दुख में सहभागी बनने तथा पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता शाहज़ेब रिज़वी ने कहा कि उन्होंने सरधना विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज़ कर दिया है। उन्होंने बताया कि सरधना के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, जहां उन्हें आमजन का भरपूर समर्थन और स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आज़ाद समाज पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद बिना किसी जाति और धर्म का भेदभाव किए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य कर रहे हैं। गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पार्टी लगातार सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा।शाहज़ेब रिज़वी ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता आज़ाद समाज पार्टी को अवसर देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया जाएगा तथा पीड़ित, शोषित और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक विस्तार करने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन “जय भीम, जय संविधान” के उद्घोष के साथ हुआ।



