अनीस खान संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के पूठखास स्थित सीआरएस फार्म हाउस में रविवार को राष्ट्रीय लोकदल द्वारा सम्मान समारोह, अभिनंदन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन उत्साह और जोश के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में रालोद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचे के.सी. त्यागी का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।कार्यक्रम के आयोजक एवं सिवालखास विधानसभा प्रभारी रणवीर सिंह दहिया ने के.सी. त्यागी को सम्मान स्वरूप गदा भेंट की। जाटव समाज की ओर से भी डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र भेंट कर उनका सम्मान किया गया।स्वागत भाषण में रणवीर सिंह दहिया ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की किसान-हितैषी विचारधारा पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से राष्ट्रीय लोकदल गांव-गांव तक अपनी नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का कार्य कर रहा है।सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिवालखास विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, किसानों के हितों और सामाजिक भाईचारे के लिए पार्टी पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि के.सी. त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह और स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत चौधरी के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगत सिंह कल्याणपुर ने की तथा संयुक्त संचालन मोनू ढिंडाला और योगेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सहकारिता अमरजीत सिंह बिड्डी, प्रदेश अध्यक्ष सामाजिक संगठन संगीता दोहरी, विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद, पूर्व राज्य मंत्री कुलदीप उज्ज्वल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
