Oplus_16908288
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना थाना क्षेत्र के गांव कैली-कपसाढ़ के जंगल में रविवार सुबह गौअवशेष मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही गौकशी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई के कारण गौकशों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि यदि पहले की घटनाओं में सख्त कार्रवाई की गई होती तो दोबारा ऐसी नौबत नहीं आती। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।सूचना पर पहुंची पुलिस ने गौअवशेषों को कब्जे में लेकर गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबवा दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू करते हुए संदिग्ध लोगों की तलाश तेज कर दी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल जांच का आश्वासन पर्याप्त नहीं है, बल्कि गौकशी करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
