मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के थिरोट गांव में दलित छात्रा ललिता हत्याकांड को लेकर राजनीति तेज हो गई है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे आम आदमी पार्टी के सिवालखास विधानसभा अध्यक्ष इंतजार अली को पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया।इंतजार अली ने बताया कि वह राज्यसभा सांसद एवं यूपी प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर पार्टी प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया।उन्होंने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना गलत है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।हालांकि, पुलिस की ओर से नजरबंदी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उधर, ललिता हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में आक्रोश जारी है और विभिन्न संगठन लगातार पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
