मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। मौसम विभाग द्वारा जनपद मेरठ में 10 जुलाई को तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मेरठ द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।बीएसए ने अपने आदेश में कहा है कि पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। सभी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने नागरिकों से भी सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
