मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग का संचालन करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित ₹12 हजार नकद बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली/अपराध के पर्यवेक्षण में थाना लोहियानगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क कर साइबर ठगी करते थे तथा विभिन्न मोबाइल फोन में बैंक खातों को लॉगिन कर अवैध लेन-देन संचालित करते थे।पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभिन्न स्थानों पर किराये की दुकान लेकर फर्जी फर्म बनाते थे और उनके नाम पर चालू खाते खुलवाते थे। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग के लिए इंटरनेट पर वेबसाइट उपलब्ध कराकर लोगों को आईडी और पासवर्ड देते थे तथा ऑनलाइन गेम खिलाकर आर्थिक लाभ कमाते थे।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शाकिब पुत्र फरमूद (24 वर्ष) निवासी जाकिर कॉलोनी, सनी पुत्र रफीक (23 वर्ष) निवासी शालीमार गार्डन तथा फरमान पुत्र इमरान (23 वर्ष) निवासी खुशहाल नगर, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, एक पासबुक, एक चेकबुक, 3 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड, 5 आधार कार्ड तथा ₹12,000 नकद बरामद किए हैं।इस संबंध में थाना लोहियानगर में मु0अ0सं0 416/2026 के तहत विभिन्न धाराओं एवं ऑनलाइन खेल संवर्धन और विनियमन अधिनियम 2025 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
