मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। मोहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर जानी क्षेत्र के गांव रसूलपुर धौलड़ी में ताजिया जुलूस बड़े ही शांतिपूर्ण माहौल और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए तथा पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।इस अवसर पर हुसैनी चौक पर एक बड़ी मजलिस का आयोजन किया गया, जिसमें मौलाना ने इमाम हुसैन की कुर्बानी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इमाम हुसैन ने इंसानियत, न्याय और सत्य की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने हमेशा आतंकवाद और अन्याय का विरोध किया तथा समाज को आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया। मौलाना ने कहा कि इमाम हुसैन की शिक्षाएं किसी एक समाज के लिए नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।मजलिस के बाद ताजिया जुलूस हुसैनी चौक से शुरू होकर भारी पुलिस बल की निगरानी में जामा मस्जिद पहुंचा, जहां सोगवारों ने नौहे पढ़े और मातम किया। इसके बाद जुलूस राजपूताना मस्जिद पहुंचा तथा विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः हुसैनी चौक पर संपन्न हुआ।जुलूस में शामिल सोगवारों ने “लब्बैक या हुसैन” की सदाओं के साथ कर्बला की याद ताजा की और मातम कर इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बाबर काजमी, मेहंदी हसन, सरकार अहमद, काशिफ, अनवर, आजम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
