मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं सक्रिय नेता विनीत भराला ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम से सरधना क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विनीत भराला जल्द ही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम सकते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में सरधना सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।विनीत भराला का राजनीतिक परिवार लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सत्य प्रकाश भराला समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे और पार्टी संगठन में उनकी विशेष पहचान थी। स्वर्गीय सत्य प्रकाश भराला के आवास पर आयोजित छोटे-बड़े कार्यक्रमों में भी पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव कई बार शामिल हुए थे, जिससे परिवार की पार्टी में मजबूत पकड़ और सम्मान का अंदाजा लगाया जा सकता है।ऐसे में विनीत भराला का समाजवादी पार्टी से इस्तीफा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन बसपा में शामिल होने और सरधना विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विनीत भराला का यह निर्णय सरधना विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका अगला कदम क्या होता है और यह निर्णय उनके राजनीतिक भविष्य को किस दिशा में ले जाता है। फिलहाल उनके इस्तीफे ने क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
