मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहीद मंगल पांडे राजकीय कन्या कॉलेज, माधवपुरम में एनवायरमेंट क्लब एवं कॉलेज के ईको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पानी बचाने के विभिन्न उपाय बताए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अंजू सिंह ने एनवायरमेंट क्लब के संस्थापक सावन कनौजिया को पौधा भेंट कर किया। जल संरक्षण विषय पर संवाद करते हुए सावन कनौजिया ने कहा कि पानी पृथ्वी का अमूल्य संसाधन है और इसका अंधाधुंध दोहन भविष्य के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकता है। उन्होंने क्लब की ‘पानी की बात’ और ‘आधा ग्लास काफी है’ मुहिम का उल्लेख करते हुए जरूरत के अनुसार ही पानी उपयोग करने की अपील की।कार्यक्रम में आरओ के अनुपयोगी पानी का पुनः उपयोग, वाशिंग मशीन के सीमित इस्तेमाल, खुले पाइप से पानी न बहाने तथा घरेलू कार्यों में जल बचत के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं को जल की प्रत्येक बूंद बचाने का संकल्प दिलाया गया।इस दौरान एनवायरमेंट क्लब और कॉलेज के बीच पर्यावरणीय गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) भी किया गया। प्राचार्या प्रो. अंजू सिंह ने क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं से अपने घरों में भी जल संरक्षण अभियान शुरू करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में करीब 50 छात्राओं को ‘जल सहेली’ नियुक्त किया गया, जो समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगी।इस अवसर पर प्रो. एसपीएस राणा, डॉ. गौरी, डॉ. कुमकुम सहित एनवायरमेंट क्लब के विंदु, कबीर, यश, नीरज कुमार, कार्तिक, मनस्वी, दिव्यांश, प्रियांशु, नकुल, शौर्य, अमराह, सितांशु, आयुषी, कीर्ति एवं हिमांशु रावत समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
