मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर।थाना सरूरपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ए.एन.टी.एफ.) सहारनपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत की हेरोइन सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 640 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराध और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक बरेली से हेरोइन लेकर मेरठ के रास्ते शामली की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर सरूरपुर पुलिस और ए.एन.टी.एफ. सहारनपुर की टीम ने भूनी टोल प्लाजा के पास चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शौकीन अली पुत्र अलीशेर निवासी ग्राम पावटी कलां, थाना कैराना, जनपद शामली बताया। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 640 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 1000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ शामली और मेरठ में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी सरूरपुर गौरव सिंह, ए.एन.टी.एफ. के उपनिरीक्षक नवीन कुमार और कांस्टेबल शिवम चौधरी शामिल रहे।

