मोबाइल और कंप्यूटर से खुद भर सकेंगे जानकारी, 7518 कर्मचारी करेंगे हाउस लिस्टिंग कार्य
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना का पहला चरण यानी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) सात मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। इस दौरान जिले के लोग मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।अधिकारियों के अनुसार, इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। इसके लिए नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रशासन का कहना है कि इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी।इसके बाद 22 मई से 20 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा। जिले के सभी 22 चार्ज क्षेत्रों में 6443 प्रगणक और 1075 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। कुल 7518 कर्मचारी भवनों, मकानों और संस्थानों से संबंधित करीब 33 प्रकार की जानकारियां जुटाएंगे।प्रशासन ने बताया कि जनसंख्या गणना का कार्य नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।अधिकारियों ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है और संसाधनों का वितरण तय किया जाता है। इसलिए नागरिक सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग करें।

