अनीस संवाददाता संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाहिद में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में दिन-रात बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन का काम जारी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थानीय पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही।ग्रामीणों के अनुसार कृषि भूमि में नियमों को ताक पर रखकर जेसीबी और डंपरों के जरिए लगातार मिट्टी निकाली जा रही है। इससे कई खेतों के आसपास गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों का कारण बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें टूट रही हैं और धूल प्रदूषण के कारण फसलें भी प्रभावित हो रही हैं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति खनन कार्य खुलेआम चल रहा है और विरोध करने पर भी काम बंद नहीं किया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय खनन अधिकारी मेरठ को शिकायत पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

