मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज मेरठ।
सरूरपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने जसड़ सुल्तान नगर निवासी उमर मौ. पुत्र लियाकत के जंगल में स्थित ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया। यह ट्यूबवेल जैनपुर वाले रास्ते पर स्थित है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।पीड़ित उमर मौ. ने बताया कि उनका ट्यूबवेल जंगल क्षेत्र में है, जहां अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने ट्रांसफॉर्मर को खोलकर चोरी कर लिया। रविवार सुबह खेत पर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफॉर्मर और केबिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से ट्यूबवेल पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि सिंचाई का यही एकमात्र साधन था और इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जंगल क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं विद्युत विभाग को घटना की सूचना दिए जाने की बात कही गई है।

