मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।कपसाड़ और ज्वालागढ़ प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग वीडियो बनाकर अनावश्यक व आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन रहा है। ऐसा ही एक मामला सामने आने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं एक जाति विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक व अभद्र टिप्पणी करता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों और आम लोगों में भारी रोष फैल गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।मामला संज्ञान में आते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो बनाने वाले युवक नीशू ठाकुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया।इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि नीशू ठाकुर नामक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो में एक जाति विशेष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री साझा न करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी

