तेल डालकर शव को आग के हवाले किया, एक संदिग्ध हिरासत में
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । थाना सरधना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। अज्ञात हत्यारों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव पर तेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। सुनसान इलाके में जलते शव की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल में पड़े युवक के अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर के शिव चौक क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय रोहित उर्फ रोनू के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार रोहित की दो मौसी सरधना क्षेत्र के ज्वालागढ़ गांव में रहती हैं। सोमवार को वह उनसे मिलने के लिए घर से निकला था। सकोती से एक टेंपो में सवार होकर वह ज्वालागढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान शाम के समय उसकी एक मौसी के पास रोहित का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि सलावा गांव में कुछ युवक उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं।सूचना मिलने पर परिजन तत्काल सलावा गांव पहुंचे, लेकिन तब तक रोहित वहां से जा चुका था। इसके बाद रोहित ने फोन कर बताया कि आरोपी उसे ज्वालागढ़ स्थित महाराणा प्रताप चौक की ओर ले गए हैं। परिजन वहां भी पहुंचे, लेकिन रोहित का कोई सुराग नहीं मिला।कुछ ही देर बाद पुलिस को अक्खेपुर के जंगल में एक युवक का शव जलाए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान रोहित का अधजला शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव जलाकर पहचान और साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने इस जघन्य हत्या को लेकर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश की जा रही है।

