मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।गन्ना किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को मेरठ मंडल की गन्ना समितियों के चेयरमनों की एक महत्वपूर्ण बैठक रोहटा में आयोजित की गई। बैठक में किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए मंडल स्तर से लेकर लखनऊ तक संघर्ष करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।शुक्रवार को बाईपास स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता गन्ना समितियों के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र प्रमुख ने की। बैठक में वक्ताओं ने गन्ना पर्ची कैलेंडर में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कैलेंडर में गड़बड़ी के कारण किसान मिलों में गन्ना डालने को लेकर परेशान हैं और संशोधन कराने के लिए रोजाना गन्ना समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पूरी प्रक्रिया लखनऊ स्तर से संचालित होने के कारण समिति स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।वक्ताओं ने मांग की कि गन्ना समितियों के चेयरमनों को पूर्व में प्राप्त अधिकार पुनः बहाल किए जाएं। समिति स्तर से बोर्ड द्वारा भेजे जाने वाले प्रस्तावों में अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। इसके साथ ही किसानों की गन्ना पर्चियों के बॉन्ड और हाडा में किसानों की सहमति के बिना कोई बदलाव न करने की मांग उठाई गई।बैठक में यह भी कहा गया कि किसानों से जुड़ी बीमा योजनाओं, खड़ंजा निर्माण, कृषि यंत्रों और कीटनाशकों पर छूट देने जैसे अधिकार पुनः गन्ना समितियों के बोर्ड को दिए जाएं। इसके अलावा चीनी मिलों में गन्ना ढुलाई के लिए लगाई गई ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ढुलाई में प्रयोग की जा रही अधिकांश गाड़ियों के कागजात अधूरे हैं, कई वाहनों की वैधता समाप्त हो चुकी है, न तो उनका व्यावसायिक पंजीकरण है और न ही बीमा। ऐसी गाड़ियों से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन बीमा न होने के कारण घायल राहगीरों को सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ नहीं मिल पाता। यह सब प्रशासन और मिल प्रबंधन की मिलीभगत से हो रहा है।बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल किसानों की समस्याओं को लेकर जनपद स्तर से लेकर लखनऊ तक जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा।बैठक का संचालन मवाना समिति के अध्यक्ष विनोद भाटी ने किया। इस अवसर पर मलकपुर समिति के अध्यक्ष अंकित वीर, बुढ़ाना समिति के अध्यक्ष निर्भय सिंह, सिंभावली समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सकौती समिति के अध्यक्ष सरवन सिंह, मेरठ समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, रामराज समिति के अध्यक्ष पंकज सिंह, तितावी समिति के अध्यक्ष शंकर सिंह, मोहद्दीनपुर समिति के अध्यक्ष दीपक राणा, मोदीनगर समिति के अध्यक्ष राजन चौधरी, धौलाना समिति के अध्यक्ष उपेंद्र राणा, अनूपशहर समिति के अध्यक्ष हरीराज चौहान, मोरना समिति के अध्यक्ष अरुण प्रधान सहित मांगेराम शर्मा, सुशील शर्मा, अनिल सहारण, टोनी, संजीव, टीकम सिंह, पंकज वत्स, राजीव शर्मा और राजन तोमर आदि उपस्थित रहे।

