मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । थाना क्षेत्र के जसड सुल्ताननगर गांव में चार दिन पहले छेड़छाड़ को लेकर हुए बवाल के मुख्य आरोपी अनस उर्फ भूरा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जुल्फिकार उर्फ जुल्ली का बेटा है। पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, बवाल के दौरान अनस ने फायरिंग की थी, जिसकी एक गोली वहां से गुजर रहे हिमांशु पुत्र ईश्वर चंद को लग गई थी। गोली लगने से हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।इस मामले में पुलिस अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इससे पहले 13 अन्य लोगों को तमंचे, कारतूस और धारदार हथियारों सहित पकड़ा गया था। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने दोबारा अशांति फैलाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

