मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे एक युवक को कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे सलावा गांव में हुई। पीड़ित की पहचान सलावा निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, प्रदीप शुक्रवार की रात अपने गांव के शिव मंदिर के पास पहुंचे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जब प्रदीप ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत प्रदीप के परिवार को सूचना दी। परिवार वाले प्रदीप को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

