मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर। डाहर गांव में युवक सालिम उर्फ मन्नू की हत्या के मामले में सरूरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और छुरी बरामद करने का दावा किया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात सालिम के परिजनों की तहरीर पर डाहर निवासी शाहरूख खान, गुलजार, रिहान, असलम, मजर खान और सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर सालिम पर छुरी से हमला किया। इसी दौरान गुलजार ने गोली मार दी, जिससे सालिम की मौत हो गई।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी शाहरूख खान, गुलजार और मजर खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और छुरी बरामद हुई है।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, अनिल कुमार, सनी भारती, हिमांशु गौतम, कांस्टेबल गौरव उपाध्याय, पंकज कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल मनोज कुमार और मनीष जादौन शामिल रहे।



