मेरठ-बड़ौत मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर।मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान गुलबहार पुत्र गुलजार निवासी कस्बा खिवाई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुलबहार किसी जरूरी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेरठ-बड़ौत मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक आगे चल रही एक भैंसा बुग्गी से पीछे से टकरा गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया।पुलिस और परिजनों की मदद से घायल को तुरंत सुभारती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

