मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरूरपुर थाना क्षेत्र के डाहर गांव में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के निकट मैदान में बैठे 25 वर्षीय युवक की हमलावरों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक की गर्दन पर चाकू से वार करने के बाद उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए गोली भी मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार डाहर गांव निवासी सलीम उर्फ मन्नू (25) पुत्र शहजाद शुक्रवार शाम गांव के निकट स्थित मैदान में बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ हमलावर वहां पहुंचे और सलीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी गर्दन में चाकू घोंप दिया। इसके बाद उसे गोली भी मारी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।बताया गया कि जिस मैदान में वारदात हुई, वहां शाम के समय गांव के युवा दौड़ लगाने और व्यायाम करने के लिए आते हैं। घटना के समय भी आसपास लोगों की आवाजाही रहती है। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर सरूरपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। हत्या के पीछे क्या कारण रहा और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।युवक की हत्या की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।



