तीन आरोपी गिरफ्तार, 2.08 लाख रुपये व तमंचा बरामद
अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना जानी क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई पूरी रकम 2 लाख 8 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को रघुनाथपुर-धौलड़ी मार्ग स्थित मेहपा मोड़ के पास आम के बाग में बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी योगेश से कैश लूट लिया था। इस संबंध में थाना जानी में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पीड़ित का ड्राइवर शिवा उर्फ शिवांचल उर्फ साजन ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने साथी अशोक के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और रास्ते में बदमाशों को गाड़ी की लोकेशन देकर लूट कराई।पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल अन्य आरोपी टिमकिया कोठी के पास मौजूद हैं और बाहर भागने की फिराक में हैं। इस पर थाना जानी पुलिस व स्वाट टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि अशोक के पास से 65 हजार रुपये व एक तमंचा, फहीमुद्दीन के पास से 65 हजार रुपये और साकिब के पास से 62 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

