उधारी के विवाद में हुई थी नरेश शर्मा की हत्या, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । थाना जानी पुलिस ने चर्चित कुराली हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 7.65 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष उर्फ हरसू (19 वर्ष) और आशीष (23 वर्ष), निवासी ग्राम कुराली, थाना जानी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी 18 अप्रैल को हुई नरेश शर्मा उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे।पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह उधारी के पैसों को लेकर हुआ विवाद था। घटना वाले दिन तीनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि आशीष ने अवैध पिस्टल से दो राउंड फायर किए, जिनमें एक गोली नरेश के सिर और दूसरी सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी पहचान कर तलाश शुरू की। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर टिकरी बंबा और जानी नहर पुल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

