मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के मुल्हैड़ा गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सरधना थाने में शिकायत की प्रति लेकर पहुंची पीड़िता के अनुसार घटना दो दिन पूर्व 29 जून की रात करीब नौ बजे की बताई गई है। पीड़िता के परिवार के सदस्य गर्मी के कारण घर के बाहर बैठे थे, तभी एक दबंग व्यक्ति शराब के नशे में पीड़िता के घर में घुस गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अश्लील बातें और हरकतें कीं, साथ ही उसे पैसे भी दिखाए।जब पीड़िता ने शोर मचाया और परिजनों को बुलाया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट और हाथापाई की, जिससे उसे कई खरोंचें और अंदरूनी चोटें आईं। जाते-जाते आरोपी ने पीड़िता और उसके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी दबंग किस्म का व्यक्ति है और उसे स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। आरोप है कि वह पहले भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पीड़िता एक कमजोर और दिहाड़ी मजदूर है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि मुल्हैड़ा पुलिस चौकी में तहरीर देने के बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से प्रार्थना की है कि उनके आवेदन को स्वीकार कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रति थाना पुलिस को भी दी गई है। थाना पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

